पुलिस का ऑपरेशन क्रैकडाउन तेज, 227 बाहरी व्यक्तियों का हो चुका सत्यापन

रुद्रप्रयाग,। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और संदिग्ध तत्वों पर नकेल कसने को लेकर पुलिस ने ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनपद के सभी थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सत्यापन अभियान को तेजी देने की निर्देश दिए। कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने ने बताया कि अब तक जनपद में 227 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन पूरा हो गया है।  उन्होंने थाना प्रभारियों को सत्यापन को केवल औपचारिकता न समझने व प्रत्येक व्यक्ति का विवरण राज्य और राष्ट्रीय स्तर के पोर्टलों पर चेक किया जाए ताकि उनकी क्रिमिनल हिस्ट्री का पता चल सके। साथ ही, घुमंतू प्रवृत्ति के लोगों का डेटा सीसीटीएनएस पोर्टल के आईआईएफ-9 फॉर्म पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम जनमानस से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की। इस मौके पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुण्डीर, प्रतिसार निरीक्षक कैलाश शर्मा सहित अन्य मौजूद थे।
बैठक में अवैध शराब और ड्रग्स के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया गया। एसपी ने सभी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय छापेमारी और सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि नशे के कारोबार पर लगाम कसी जा सके।
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि निर्धारित होने के साथ ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। एसपी ने कहा कि यात्रा शुरू होने में मात्र दो महीने का समय शेष है, अतः सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं का आकलन कर अतिरिक्त संसाधनों की मांग समय पर भेजें। उन्होंने तीर्थयात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *