स्ट्रीट डॉग का आतंक, कई लोगों को काटकर किया जख्मी, दहशत में लोग
हल्द्वानी,। नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट डॉग के आतंक से लोग डरे और सहमे हैं। आलम ये है कि एक ही दिन में स्ट्रीट डॉग ने कई लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। जिससे लोग खौफजदा हैं और घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। सूचना के बाद नगर निगम की टीम स्ट्रीट डॉग की तलाश में जुटी हुई है। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर को स्ट्रीट डॉगों से निजात दिलाने के लिए नसबंदी का कार्य किया जा रहा है।
हल्द्वानी में स्ट्रीट डॉगों का आतंक बदस्तूर जारी है। हल्द्वानी के मल्ला बमौरी क्षेत्र में स्ट्रीट डॉग अब तक कई लोगों को काट चुके हैं। स्ट्रीट डॉग ने कई लोगों पर हमला किया, जिससे क्षेत्र में डर का माहौल है। घायल लोगों द्वारा अस्पताल पहुंच कर रेबीज का इंजेक्शन लगा लिया है, ताकि आगे कोई परेशानी न हो। एक घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें एक स्ट्रीट डॉग बुजुर्ग महिला में झपटते हुए दिखाई दे रहा है।
इतना ही नहीं स्ट्रीट डॉग कई पर हमला कर चुका है, जिसकी शिकायत पर नगर निगम हल्द्वानी को की गई। जिसके बाद नगर निगम की टीम द्वारा स्ट्रीट डॉग को पकड़ने के लिए सर्च अभियान चलाया गया। लेकिन स्ट्रीट डॉग टीम की पकड़ से दूर रहा। वहीं नगर निगम के आयुक्त ने परितोष वर्मा बताया कि स्ट्रीट डॉगों के आतंक को देखते हुए पालतू डॉगों का पंजीकरण कराया जा रहा है। अब तक 4500 कुत्तों का पंजीकरण नगर निगम में किया जा चुका है। इतना ही नहीं शहर में घूम रहे 20 हजार स्ट्रीट डॉग का बधियाकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मल्ली बमौरी और पॉलिसिट क्षेत्र में स्ट्रीट डॉग का आतंक बना हुआ है, जल्द ही इन क्षेत्र में अभियान चलाया जाएगा।
नगर आयुक्त पारितोष वर्मा ने बताया कि नगर निगम टीम को सूचना मिली थी कि एक स्ट्रीट डॉग द्वारा कई लोगों को काट कर घायल किया है। जिसके बाद से ही उसकी तलाश में टीम जुटी हुई है। पकड़ में आने के बाद उसे सेंटर में भेज कर इलाज किया जाएगा। शहर को स्ट्रीट डॉगों से निजात दिलाने के लिए बधियाकरण का कार्य किया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने नगर निगम से जल्द स्ट्रीट डॉग के आतंक से छुटकारा दिलाने की मांग की है।
