बीस सूत्रीय कार्यक्रम में चंपावत जनपद फिर अव्वल, 6 महीने से प्रथम स्थान पर है काबिज
चंपावत,। बीस सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन में दिसंबर माह की रैंकिंग में चंपावत जनपद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार के निर्देशन में लगातार छटी बार बीस सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर जनपद के सभी विभागों के कार्मिकों को शुभकामनाएं दी। साथ ही इस क्रम को जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
भारत सरकार के बीस सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन में दिसंबर माह की रैंकिंग में एक बार फिर चंपावत जनपद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। लगातार छह माह से प्रथम स्थान पर चंपावत जनपद काबिज हुआ है। चंपावत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में जनपद ने बीस सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन में दिसंबर माह की रैंकिंग में एक बार फिर प्रदेश के सभी जनपदों से सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के साथ जनपद ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यप्रणाली का परचम लहराया है।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद चम्पावत ने जुलाई, अगस्त, सितंबर, अक्टूबर, नवंबर माह में प्रथम स्थान प्राप्त करने के उपरांत दिसंबर माह की रैंकिंग में भी निरंतरता बनाए रखते हुए पुनः सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। अर्थ एवं संख्या निदेशालय, नियोजन विभाग, उत्तराखंड शासन द्वारा जारी प्रतिवेदन के अनुसार कुल 40 रैंकिंग मदों में से जनपद चंपावत ने 37 मदों में ‘ए’ श्रेणी, 3 मदों में ‘बी’ श्रेणी प्राप्त की, जबकि ‘सी’ एवं ‘डी’ श्रेणी में कोई भी मद नहीं रहा। कुल 123 अंकों में से जनपद को 119 अंक प्राप्त हुए, जो 96.75 प्रतिशत उपलब्धि को दर्शाता है। वहीं बागेश्वर जनपद 95.73 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा उधम सिंह नगर 91.87 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहा।
जिले की इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल रैंकिंग में शीर्ष स्थान प्राप्त करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सभी विभागों को आगामी महीनों में भी इसी उत्कृष्टता को बनाए रखने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में और अधिक गति लाने तथा परिणाम-आधारित कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी ने बताया कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागीय योजनाओं की मासिक प्रगति की समीक्षा कर राज्य स्तर पर आकलन किया जाता है।
