प्रशासन की मजबूत तैयारियों ने रचा नया इतिहास

रुद्रप्रयाग,। राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्थाओं के बल पर इस वर्ष की श्री केदारनाथ धाम यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम यात्रा प्रबंधन के कारण देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का भरोसा लगातार बढ़ा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। आंकड़ों के अनुसार 11 लाख 70 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं, जो यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और प्रशासन की प्रभावी व्यवस्थाओं का प्रमाण है।
अगस्त्यमुनि व्यापार मंडल के अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह नेगी ने कहा कि यात्रा शुरू होने से पूर्व अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और खाड़ी देशों में तनाव को लेकर व्यापारियों में आशंका थी, लेकिन सरकार और प्रशासन की बेहतरीन तैयारियों ने सभी चिंताओं को समाप्त कर दिया। रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं से व्यापार, होटल उद्योग और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को व्यापक आर्थिक लाभ मिला है।
होटल व्यवसायी ऋषभ नौटियाल ने बताया कि इस वर्ष यात्रा सीजन स्थानीय होटल उद्योग के लिए बेहद लाभकारी साबित हुआ है। सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात नियंत्रण और मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा अनुभव मिला, जिससे पर्यटन गतिविधियों को नई मजबूती मिली है।
गुप्तकाशी व्यापार सभा के महासचिव आशीष बिष्ट ने कहा कि प्रभावी यातायात प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छता अभियानों ने केदारनाथ यात्रा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या ने स्थानीय बाजारों और पर्यटन गतिविधियों में नई जान फूंक दी है।
वहीं, गौरीकुंड व्यापार सभा के अध्यक्ष राम चन्द्र गोस्वामी ने कहा कि इस वर्ष यात्रा का संचालन अत्यंत व्यवस्थित रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं से होटल, परिवहन, घोड़ा-खच्चर संचालन, दुकानदारों और अन्य व्यवसायों को उल्लेखनीय लाभ मिला है। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं। व्यापारिक संगठनों और होटल व्यवसायियों ने एक स्वर में राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए किए गए प्रभावी प्रयासों ने केदारनाथ यात्रा को सफलता के नए मुकाम तक पहुंचाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *