गुरु पूर्णिमा पर मंत्री गणेश जोशी ने अपनी माता, गुरुजनों एवं संतों का आशीर्वाद लिया
देहरादून,। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अपनी माता मोहनी जोशी सहित अपने गुरुजनों एवं संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मां ही प्रत्येक व्यक्ति की पहली और सबसे बड़ी गुरु होती है, जो केवल जन्म ही नहीं देती बल्कि जीवन के संस्कार, मूल्य और सही मार्ग पर चलना भी सिखाती है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपनी माता मोहनी जोशी का आशीर्वाद लेने के बाद कहा कि मां का स्थान ईश्वर के समान है, क्योंकि सृष्टि के सृजन और मानवता के निर्माण का सर्वोच्च दायित्व ईश्वर ने मां को ही सौंपा है। उन्होंने कहा कि जीवन में मिलने वाले प्रथम संस्कार मां से ही प्राप्त होते हैं और वही व्यक्ति के चरित्र निर्माण की आधारशिला रखती हैं।
इसके उपरांत मंत्री गणेश जोशी ने कैंट विधायक सविता कपूर के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने अपने राजनीतिक गुरु स्वर्गीय हरबंश कपूर को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए कहा कि आज वह जिस भी स्थान पर हैं, उसमें स्वर्गीय हरबंश कपूर एवं गुरु माता सविता कपूर का महत्वपूर्ण योगदान है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ब्राह्मणवाला स्थित वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश सुमन ध्यानी के आवास भी पहुंचे, जहां उन्होंने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने टपकेश्वर मंदिर पहुंचकर दिगम्बर भरत गिरी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया तथा भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने पलटन बाजार स्थित जंगम शिवालय में महंत कृष्णा गिरि महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, राजपुर रोड स्थित स्वामी रामतीर्थ मिशन आश्रम में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए परमाध्यक्ष डॉ. स्वामी शिवचन्द्र दास महाराज का आशीर्वाद भी लिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण, देहरादून द्वारा स्वामी रामतीर्थ मिशन आश्रम, कुठाल गेट, देहरादून में स्थापित दो सोलर हाईमास्ट लाइटों का उद्घाटन भी किया।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु एवं संतों का स्थान सर्वोच्च है। गुरु व्यक्ति को ज्ञान, संस्कार और जीवन की सही दिशा प्रदान करते हैं, जबकि संत समाज को आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और लोककल्याण का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व अपने गुरुजनों एवं संतों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय, कुठालगांव के छात्रों से भी संवाद किया और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों को उनकी जरूरत के अनुसार आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर दायित्वधारी ज्योति कोटिया, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, सारिका खत्री सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
