सूचना विभाग को मिला अनुभवी नेतृत्व, कृपाल लाल टम्टा बने जिला सूचना अधिकारी

रुद्रप्रयाग,। जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग में अपर जिला सूचना अधिकारी के पद पर कार्यरत कृपाल लाल टम्टा को पदोन्नत कर जिला सूचना अधिकारी (डीआईओ) बनाया गया है। उनकी पदोन्नति पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पत्रकारों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कृपाल लाल टम्टा 10 अप्रैल 2025 से जनपद रुद्रप्रयाग में अपर जिला सूचना अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी कार्यकुशलता, प्रशासनिक दक्षता, सरल स्वभाव और सकारात्मक कार्यशैली से अधिकारियों, कर्मचारियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों का विश्वास अर्जित किया। इससे पूर्व वे रुद्रप्रयाग में प्रभारी जिला सूचना अधिकारी का दायित्व भी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। विभिन्न जनपदों में उनके उत्कृष्ट कार्यों के कारण उन्हें विभाग के अनुभवी एवं सक्षम अधिकारियों में गिना जाता है।
सूचना विभाग में उनका सेवाकाल तीन दशक से अधिक का रहा है। उन्होंने 4 मार्च 1994 से 27 सितंबर 2001 तक टिहरी गढ़वाल, 29 सितंबर 2001 से 12 अगस्त 2004 तक चमोली, 13 अगस्त 2004 से 31 जुलाई 2012 तक हरिद्वार, 3 अगस्त 2012 से 22 दिसंबर 2018 तक पौड़ी गढ़वाल, 24 दिसंबर 2018 से 30 अक्टूबर 2021 तक ऊधम सिंह नगर, 1 नवंबर 2021 से 31 दिसंबर 2023 तक नैनीताल तथा 1 जनवरी 2024 से 9 अप्रैल 2025 तक पिथौरागढ़ में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसके बाद 10 अप्रैल 2025 से वे रुद्रप्रयाग में कार्यरत हैं।
इसके अतिरिक्त उन्होंने पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, नई टिहरी तथा चमोली जैसे महत्वपूर्ण जनपदों में प्रभारी जिला सूचना अधिकारी के रूप में भी सफलतापूर्वक दायित्वों का निर्वहन किया है। उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता तथा विभागीय कार्यों की गहन समझ ने उन्हें सूचना विभाग में विशिष्ट पहचान दिलाई है। कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का कहना है कि कृपाल लाल टम्टा अपने सौम्य व्यक्तित्व, सहज व्यवहार और सहयोगात्मक कार्यशैली के कारण सभी के बीच अत्यंत लोकप्रिय हैं। उनकी पदोन्नति न केवल उनके उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान है, बल्कि विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायी उपलब्धि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *