ऋतु गुजराल फाउंडेशन की पर्यावरण संरक्षण के लिए अनूठी पहल

देहरादून, । पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऋतु गुजराल फाउंडेशन द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान में फाउंडेशन की अध्यक्षा रितु गुजराल, कोषाध्यक्ष धीरज गुजराल के साथ महिला व्यापार प्रतिनिधि मंडल महिला मोर्चा की अध्यक्ष मधु गुप्ता, सोनिका सनन, एडवोकेट प्रतीक हांडा, एडवोकेट अंकाक्षा मेहता हांडा तथा देव सिंह, सलोनी व उनके साथी युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के अंतर्गत सीड बॉल्स के माध्यम से वृक्षारोपण को बढ़ावा देने का अभिनव प्रयास किया गया। इन सीड बॉल्स में पीपल, वट वृक्ष (बरगद), सबबूल एवं बैम्बू (बांस) के बीज सम्मिलित किए गए थे।इस अभियान के दौरान लगभग 2,500 सीड बॉल्स का प्रतिभागियों द्वारा (थ्रो) किया गया जहाँ हरियाली की आवश्यकता है और प्राकृतिक रूप से इनके विकसित होने की संभावना अधिक है। सभी को यह जानकारी भी दी गई कि वर्षा आने पर इन बीजों के अंकुरित होने की संभावना लगभग 60 से 70 प्रतिशत तक रहती है।  इस पहल का मुख्य उद्देश्य केवल वृक्षारोपण ही नहीं, बल्कि समाज विशेषकर बच्चों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना था। कार्यक्रम की सबसे विशेष बात यह रही कि इसे सीख और सेवा के साथ-साथ मनोरंजक एवं सहभागिता पूर्ण गतिविधि के रूप में आयोजित किया गया। छोटे-छोटे बच्चों से लेकर युवाओं तक सभी ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और प्रकृति संरक्षण की जिम्मेदारी को आनंदपूर्वक स्वीकार किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को बताया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित रहने वाला विषय नहीं है, बल्कि यह हम सभी की निरंतर जिम्मेदारी है। इस अवसर पर ऋतु गुजराल फाउंडेशन द्वारा यह लक्ष्य लिया गया कि इस प्रकार के पर्यावरण संरक्षण संबंधी अभियान एवं गतिविधियां भविष्य में भी आवश्यकता अनुसार विभिन्न स्थानों पर निरंतर आयोजित की जाती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *