आगामी 15 अप्रैल को विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार

रुद्रप्रयाग,। शहरी विकास निदेशालय के निर्देश पर नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग की ओर से आयोजित “स्वच्छता सप्ताह” कार्यक्रम संपंन हो गया है। समापन के अंतिम दिन विभिन्न विद्यालयों में स्वच्छता विषयक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।पालिका की ओर से चयनित वार्ड संख्या 4, 6 एवं 7 में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत सरस्वती शिशु मंदिर बेलनी, सरस्वती शिशु मंदिर/विद्या मंदिर पुनाड़ तथा अनूप नेगी मेमोरियल पब्लिक स्कूल गुलबराय में सीनियर एवं जूनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बच्चों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और साफ-सफाई के महत्व को अपने चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं उन्हें स्वच्छ समाज के निर्माण को लेकर प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालयों में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला और विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आगामी 15 अप्रैल को नगर पालिका अध्यक्ष एवं सभासदों द्वारा सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने बताया कि स्वच्छता कार्यक्रम को लेकर नगर की जनता में उत्साह देखने को मिला है। नगर मोहल्लों से लेकर नदी किनारे स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान पैदल रास्तों से लेकर मंदिरों की साफ सफाई भी की गई। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *