‘बी प्राक’ के सुरों के साथ ‘लम्हे 2026’ का शानदार समापन

देहरादून,। आईएमएस यूनिसन यूनिवर्सिटी के तीन दिवसीय वार्षिक टेक्नो कल्चरल फेस्ट ‘लम्हे 2026’ का समापन प्रसिद्ध गायक बी प्राक की लाइव प्रस्तुति के साथ सम्पन्न हुआ। अपनी सुरीली आवाज़ और लोकप्रिय गीतों के लिए मशहूर बी प्राक ने मंच पर समा बाँध दिया। उनकी दमदार परफॉर्मेंस ने इस तीन दिवसीय उत्सव को एक यादगार और शानदार पल में बदल दिया।
समापन समारोह के दौरान सर्वश्रेष्ठ विजेताओं को ‘मिस्टर लम्हे’ और ‘मिस लम्हे’ से नवाज़ा गया। आईएमएस यूनिसन यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी दीपक सिंह रावत को मिस्टर लम्हे 2026 और जिज्ञासा यूनिवर्सिटी की छात्रा रिया मिश्रा को मिस लम्हे 2026 के खिताब से सम्मानित किया गया। दोनों ने अपने आत्मविश्वास, मंचीय प्रस्तुति, व्यक्तित्व और संवाद कौशल से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया।
समापन अवसर पर आयोजित समारोह में विश्वविद्यालय का वरिष्ठ प्रबंधन, डीन, फैकल्टी सदस्य और मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। माननीय कुलपति डॉ. अनिल सुब्बा राव पायला ने अपने संबोधन में प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि लम्हे जैसे आयोजन छात्रों में नवाचार, टीमवर्क, नेतृत्व और समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। वहीं उप-कुलपति डॉ. अनीथा रामचन्द्र ने आयोजन समिति और छात्रों की प्रतिबद्धता एवं कार्यकुशलता की प्रशंसा की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्री अजीत यादव और डॉ. कविता सिंह थे। श्री अजीत यादव, जो वर्तमान में लेक्साया हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड और हील्स मेडिसिन प्राइवेट लिमिटेड में डायरेक्टर हैं, ने कॉर्पोरेट लीगल और गवर्नेंस के क्षेत्र में अपने व्यापक अनुभव साझा किए तथा छात्रों को नैतिक नेतृत्व और मल्टीडिसिप्लिनरी सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं इंग्लैंड स्थित वरिष्ठ सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. कविता सिंह ने अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव और हेल्थकेयर क्षेत्र में योगदान के माध्यम से युवाओं को समर्पण और उत्कृष्टता का संदेश दिया।
इस दौरान यूथ पार्लियामेंट, ग्रैंड्योरः फैशन शो और अन्य प्रमुख कार्यक्रमों के विजेताओं को सम्मान प्रदान कर उनकी उपलब्धियों को सराहा गया। कार्यक्रम की गरिमा को पद्मश्री से सम्मानित बाँसुरी वादक पं. रोनू मजूमदार की मनमोहक प्रस्तुति ने और बढ़ा दिया।
समारोह का समापन डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. अमित अदलखा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने रिकॉर्ड भागीदारी, 60 से अधिक प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन और टीमवर्क को लम्हे 2026 की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। कुल मिलाकर ‘लम्हे 2026’ युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता, सांस्कृतिक आदानदृप्रदान और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का उत्सव बनकर उभरा तथा आईएमएस यूनिसन यूनिवर्सिटी की समग्र शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *