घर में लाखों की चोरी से मचा हड़कंप

उधमसिंहनगर,। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक चोरी की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रुद्रा विहार कॉलोनी निवासी निशांत सिंह पुत्र मेवा सिंह ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में एक लिखित शिकायत देकर बताया कि उनके घर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, 12 मार्च को उनके भाई जगविंदर सिंह का निधन हो गया था, जिसके चलते परिवार में शोक का माहौल था। इस दौरान उनकी सास जोगेंद्र कौर भी उनके घर आई हुई थीं। 21 मार्च को उनके भाई का ‘दसवां’ कार्यक्रम होना था, जिससे पहले 20 मार्च को उनकी सास अपने दोनों बच्चों के साथ अपने गांव लौट गई थीं।
इसी दौरान, 20 मार्च की रात आसपास अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। चोर घर से करीब 20 हजार रुपए नकद, चांदी की पायल और एक जोड़ी सोने के टॉप्स चोरी कर ले गए। घटना के बाद पीड़ित ने पहले अपने स्तर पर चोरों की तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने और निजी कार्यों में व्यस्त रहने के कारण वह तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सके।
25 मार्च को निशांत सिंह ने थाना ट्रांजिट कैंप पहुंचकर लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना ट्रांजिट कैंप के प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *