चारधाम यात्रा के लिए पौड़ी पुलिस ने कमर कसी

पौडी,। चारधाम यात्रा के लिए पौड़ी जनपद में पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। 19 अप्रैल से शुरू हो रही यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पौड़ी जनपद में कीर्तिनगर पुल से सिरोबगड़ तक करीब 22 किलोमीटर के यात्रा मार्ग पर विशेष फोकस किया जा रहा है।इस मार्ग में श्रीनगर, श्रीकोट व कलियासौड़ के साथ ही लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गरुड़ चट्टी से आसन बैराज व भीमगोड़ा बैराज तक के हिस्से को भी यात्रा प्रबंधन में शामिल किया गया है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को एक जोन और पांच सेक्टर में विभाजित किया है, जहां अधिकारियों और जवानों की तैनाती की जाएगी। यातायात को सुचारु रखने के साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए श्रीनगर और श्रीकोट में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिनके माध्यम से मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी दी जाएगी।पुलिस का चारधाम यात्रा में पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर है। पुलिस ने श्रीनगर के एनआईटी खेल मैदान, आवास विकास की खाली भूमि, फरासू के पास पार्किंग जोन तैयार किए हैं। यहां 500 वाहन एक समय में पार्क हो सकते हैं। इसके अलावा पानी, बिजली, शौचालय की व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जा रहा है। एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि यात्रा के दौरान सहायता और सुरक्षा के लिए श्रीनगर गढ़वाल में बाजार चौकी के साथ पर्यटन पुलिस चौकी स्थापित की गई है। इसके अलावा बदरीनाथ हाईवे पर फरासू, सिरोबगड़ और गरुड़ चट्टी में सीजनल चौकियां भी बनाई गई हैं, ताकि यात्रियों को त्वरित सहायता मिल सके।चारधाम यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीओ को प्रशासन व लोनिवि के साथ मुख्य व वैकल्पिक मोटर मार्गों के संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। पुलिस टीम को यात्रियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता न हो, इसकी कड़ी हिदायत दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *