गौरीकुंड से धाम तक किया स्थलीय निरीक्षण-एसडीएम ऊखीमठ होगें नामित नोडल अधिकारी
रुद्रप्रयाग,। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा के सफल संचालन तथा यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते आज से दो दिनांं तक केदारपुरी में विभिन्न व्यवस्थाओं एवं कार्यों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। इस संबंध में जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग, केदारपुरी एवं गौरीकुण्ड से केदारनाथ तक की समस्त व्यवस्थाओं का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा, ताकि यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर लिए जाएं।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत एवं तहसीलदार ऊखीमठ को यात्रा मार्ग पर स्थित समस्त दुकानों का निरीक्षण एवं चिन्हीकरण करने, अधिशासी अभियंता निर्माण खण्ड गुप्तकाशी को पैदल यात्रा मार्ग की मरम्मत, बेंच, कूड़ादान, डण्डी-कण्डी काउंटर, तप्तकुण्ड आदि कार्यों के लिए आंगणन गठित कर स्वीकृति को लेकर प्रस्तुत करने, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को यात्रा रूट की सुरक्षा, आपदा पूर्व तैयारी तथा संवेदनशील वृक्षों के कटान की कार्यवाही करने, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग, लोनिवि रुद्रप्रयाग को रुद्रप्रयाग-गौरीकुण्ड तक सड़क मार्ग का निरीक्षण करने, विद्युत वितरण खण्ड को विद्युत व्यवस्थाओं का निरीक्षण, जल संस्थान को जल, प्याऊ, चरियां एवं स्टैंड पोस्ट की व्यवस्थाएं करने, तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीकेटीसी को डंडी-कंडी काउंटर (गौरीकुण्ड) एवं यात्रा व्यवस्थाओं के निरीक्षण के निर्देश दिए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी को प्रीपेड काउंटरों का निरीक्षण एवं चिन्हांकन, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला पंचायत को यात्रा मार्ग की साफ-सफाई, ट्रेचिंग ग्राउंड एवं कूड़ादान व्यवस्थाएं करने, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी-सोनप्रयाग को सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस चेक पोस्ट सुदृढ़ करने, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को घोड़े-खच्चरों के संचालन एवं उनके मेडिकल परीक्षण, उप प्रभागीय वनाधिकारी को वन भूमि संबंधी निरीक्षण, जिलापूर्ति अधिकारी को रहने एवं खाने की व्यवस्था, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत केदारनाथ को पंचायत स्तरीय साफ-सफाई एवं कूड़ादान व्यवस्था, तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य सुविधाएं, मेडिकल कैंप एवं चेकअप पोस्ट की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय प्रबंधक गढ़वाल मंडल विकास निगम को आवासीय एवं टेंट व्यवस्था तथा सुलभ इंटरनेशनल को यात्रा मार्ग की साफ-सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई। उक्त सभी व्यवस्थाओं के पर्यवेक्षण एवं निगरानी के लिए उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल सिंह रावत को नोडल अधिकारी नामित किया गया। सभी संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान अपने विभाग से संबंधित समस्त सूचनाओं सहित अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए है, साथ ही, पैदल यात्रा मार्ग के निरीक्षण के उपरांत सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों से संबंधित विस्तृत कार्ययोजना, समस्त औपचारिकताओं एवं अभिलेखों सहित, तीन दिवस के भीतर यात्रा व्यवस्था सेल को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
