दून में दिनभर रुक-रुक कर होती रही बारिश, कही जगह ओले भी पड़े
देहरादून। राजधानी देहरादून में गुरुवार की शाम से रुक-रुक कर हो रही बारिश का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। दून में आसमान के काले बादल छाए रहे। तेज गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश हुई। कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई। धनोल्टी में फिर से बर्फबारी हुई। तीन दिन से रुक-रुक कर हो रही इस बारिश से अब लोग परेशान हो गए हैं। कई जगह जल भराव हो गया है। मौसम खराब होने की वजह से पहाड़ी इलाकों में खासी ठंड पड़ रही है। जिससे लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हो गए हैं।
मसूरी में भी गुरुवार रात से बारिश जारी रही। जिसके बाद वहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तरकाशी जनपद के सभी तहसील क्षेत्रों में बारिश हो रही हैं। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग धरासू के पास मलबा आने से बंद हो गया था। जिसे बीआरओ ने सुचारू कर दिया है। डामटा के पास पहाड़ी टूटने से यमुनोत्री राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है। हाईवे में कुथनौर के पास भी मलबा आ गया है। राजमार्ग को खोलने का कार्य युद्धस्तर से जारी है। यमुनोत्रीधाम व आसपास के क्षेत्र में बीती रात से हो बर्फबारी हो रही है। वहीं निचले इलाकों और यमुनाघाटी में लगातार हो रही बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। शुक्रवार तड़के देहरादून में मौसम बदल गया। मूसलाधार बारिश और भारी ओलावृष्टि हुई, जिसने सर्दी बढ़ा दी है। देहरादून में ओलावृष्टि इतनी ज्यादा हुई कि बच्चों ने खूब स्नो मैन बनाए। दून में शुक्रवार को आसमान के काले बादल छाए तो अंधेरा हो गया और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। दोपहर बाद तक बारिश रुक-रुक कर जारी रही। इस दौरान कहीं-कहीं भारी ओलावृष्टि भी हुई। वहीं कई दिन से खराब चल रहे मौसम की वजह से राज्य में ठंड बढ़ गई है। चारधाम सहित ऊंची पहाड़ियां बर्फ से ढक गई हैं। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री, हेमकुंड के साथ धनोल्टी में बर्फबारी हुई है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाके बर्फ से ढक गए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 45-55 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी आने की संभावना जताई है।